लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट (एलएचआर)
लंदन हीथ्रो का प्रयोग करने वाले यात्रियों के लिए हिंदी में आवश्यक जानकारी।
आपके लिए डाउनलोड एवं प्रिन्ट करने हेतु आवश्यक जानकारी।
Hindi help page
लंदन हीथ्रो विश्र्व का व्यस्ततम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है। हमारे पांच टर्मिनल 90 से भी अधिक देशों के 180 से अधिक स्थलों पर सेवाएं देते हैं। आपका चाहे आगमन हो या प्रस्थान या आप मार्गस्थ हों, हमारी आवश्यक हिंदी गाइड इस प्रकार तैयार की गई है जिससे यह आपकी आरामदायक एवं रोमांचक यात्रा में मददगार बन सके।
उड़ानों की सही संख्या एवं आवृत्ति के लिहाज से हीथ्रो निःसंदेह दुनिया का यात्रा केंद्र है। इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि हर वर्ष करोड़ों लोग यहां अपनी उड़ानों से जुड़ते हैं।
क्योंकि यह हवाई अड्डा विशाल एवं व्यस्त हैं, यह पता लगाना आवश्यक है कि आप किस टर्मिनल पर आएँगे और किस से प्रस्थान करेंगे - आपकी एयरलाइन इस बारे में आपको बता सकती है।
यदि आपको बैगेज उठाना है
आगमन (Arrivals) के लिए चिन्हों का अनुसरण करें तथा पासपोर्ट नियंत्रण, बैगेज प्राप्ति एवं कस्टम्स से बाहर निकलें, और उसके बाद ही प्रस्थान की उड़ान के लिए प्रवेश करें। क्या टर्मिनल बदलना चाहते हैं? टर्मिनल्स 1, 2 एवं 3 एक दूसरे से मात्र पैदल दूरी पर हैं। टर्मिनल्स 4 एवं 5 के लिए मुफ्त रेल ट्रांसफर सुविधा उपलब्ध है।
यदि आपके अंतिम पड़ाव तक के लिए बैगेज की जाँच हो गई है
उड़ान जोड़ने वाले चिन्हों का अनुसरण करें (Flight Connections) यदि आपको टर्मिनल बदलना है तो मुफ्त बस सेवा उपलब्ध है। आपको सुरक्षा नियंत्रण से गुजरना पडे़गा और आपसे पासपोर्ट दिखाने के लिए कहा जा सकता हैं।
लंदन में स्वागत है!
विमान छोड़ने के बाद, आगमन के चिन्हों का अनुसरण करते हुए पासपोर्ट नियंत्रण, बैगेज प्राप्ति एवं कस्टम्स से गुजरें। इस प्रक्रिया में लगभग 40 मिनट लगते हैं, लेकिन व्यस्त अवधि में अधिक समय भी लग सकता है।
आगमन कक्ष में
यदि आप आखिरी क्षण में उपहार खरीदना चाहते हैं (या अपने लिए कुछ खरीदना चाहते हैं) तब कस्टम्स के तुरंत बाद वर्ल्ड शॉपिंग स्टोर हैं जहाँ पर सुगंध उत्पाद, बिजली के सामान, शैंपेन एवं वाइन्स अच्छे दामों पर मिल सकते हैं। आगमन क्षेत्र में आप कैफे एवं रेस्टोरेन्ट भी पाएँगे।
अपना मार्ग तलाशने में किसी अतिरिक्त मदद के लिए, हवाई अड्डे के चिन्हों की प्रिंट करने योग्य गाइड डाउनलोड करें [पीडीएफ़ फॉर्मेट]।
पासपोर्ट नियंत्रण
पासपोर्ट नियंत्रण पर दो कतारें होती हैं-एक यूरोपियन संघ (ईयू) के नागरिकों के लिए एवं दूसरी गैर ईयू-नागरिकों के लिए। कृपया अपने पासपोर्ट एवं अन्य दस्तावेज़ तैयार रखें।
बैगेज प्राप्ति
बैगेज प्राप्ति क्षेत्र में, मॉनीटरों पर अपना विमान नम्बर देखें, जिससे आप आवश्यक कराउजल का पता लगा सकें। यदि आपको चाहिए तो ट्रॉली भी उपलब्ध हैं।
कस्टम्स
कस्टम्स में ईयू नागरिकों को नीले निकास का प्रयोग करना चाहिए। अन्य यात्रियों को लाल (माल घोषित करने के लिए) एवं हरे (कुछ भी घोषित नहीं करना है) चैनलों का प्रयोग करना चाहिए।
कार: प्रत्येक टर्मिनल में आगमन क्षेत्र पर कार भाड़े पर देने वाली प्रमुख कंपनियों के डेस्क मौजूद हैं। हीथ्रो, एम25 लंदन आर्बिटल मोटरवे (ब्रिटेन के चारों ओर के मार्गों पर) एवं एम 4 मोटरवे (लंदन, पश्चिमी इंग्लैंड व साउथ वेल्स के लिए) से बहुत नजदीक हैं। सेंट्रल लंदन तक ड्राइव करके जाने में लगभग एक घंटा लगता है और आपको लंदन भीड़-भाड़ प्रभार (कंजेशन चार्ज़) चुकाना होगा।
ट्रेन: बीच में बिना रुके जाने वाली हीथ्रो एक्सप्रेस 15 मिनट में लंदन पैडिंग्टन पहुँचती है; जबकि बीच में रुकने वाली ट्रेन्स हीथ्रो कनेक्ट 25 मिनट का समय लेती हैं।
लंदन भूमिगत: पिकेडिली लाइन ट्रेन्स एक घंटे से भी कम समय में सेंट्रल लंदन पहुँच जाती हैं।
बस या कोच: आपके टर्मिनल या सेंट्रल बस स्टेशन से 500 से अधिक स्थानीय एवं राष्ट्रीय जगहों पर बसें जाती हैं।
टैक्सी: टर्मिनलों के बाहर से लंदन की लाइसेंस प्राप्त टैक्सियाँ दौड़ती हैं - यदि आपसे टर्मिनल के अंदर संपर्क किया जाता हैं और आपको टैक्सी की पेशकश करते हैं तो हम आपको जोर देकर सलाह देंगे कि आप इसके लिए इन्कार करें। सेंट्रल लंदन तक यात्रा में लगभग एक घंटा लगता है और भाड़ा होगा £40 – £70.
चैकिंग-इन (प्रवेश)
यात्रा में देरी से बचने के लिए हम सलाह देंगे कि आप जल्द से जल्द चैक-इन कर लें। अधिक विवरण के लिए अपनी एयरलाइंस से मशविरा लें, लेकिन सामान्य मार्गदर्शन के तौर पर लंबी अवधि की उड़ानों के लिए तीन घंटे व यूरोप की उड़ानों के लिए दो घंटे का समय दें (यूके एवं आयरलैंड के भीतर 90 मिनट)
कौन सा टर्मिनल?
आसान यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हीथ्रो जाने से पूर्व जाँच कर लें कि आपको कौन से टर्मिनल पर जाना होगा। ये कुल पाँच हैं:
- हवाई अड्डे के केंद्र में टर्मिनल 1, 2 एवं 3 पास-पास हैं।
- हवाई अड्डे के दक्षिण में टर्मिनल 4 है और इसका स्वयं का प्रवेश द्वार है।
- हवाई अड्डे के पश्चिम में टर्मिनल 5 है और इसका अलग प्रवेश द्वार है।
कृपया यह जान लें कि यूके के सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा प्रतिबंध लागू हैं, विशेषकर हाथ में ले जाने के बैगेज के साथ।
हमारी हिंदी सुरक्षा गाइड देखें [पीडीएफ़ फॉर्मेट]।
उत्तम आहार और डिजाइनर फैशन्स से लेकर यात्रा की ज़रूरतों और क्विक स्नैक्स तक हीथ्रो में सब कुछ है। यहां शॉप्स, कैफे एवं बार्स की बड़ी श्रृंखला है - और अधिकांश सुरक्षा नियंत्रण के बाद हैं।
हमारे भव्य वर्ल्ड ड्यूटी फ्री स्टोर्स में जाना न भूलें जो आपको कर-मुक्त एवं सीमा शुल्क-मुक्त कीमतों पर सुगन्ध उत्पाद, सौंदर्य उत्पाद, डिजाइनर एक्सेसरीज़, बेहतर शराब और बहुत कुछ उपलब्ध कराते हैं।
प्रस्थान लाउंज में सूचना स्क्रीन्स पर अपना विमान नम्बर देखें। जब उड़ान तैयार होगी, तो आपका गेट नम्बर भी दर्शाया जाएगा। सवार होने की प्रक्रिया (Boarding) सामान्यतः प्रस्थान के 45 मिनट पूर्व शुरू होती है।
अपना मार्ग तलाशने में अतिरिक्त मदद के लिए, हवाई अड्डे के चिन्हों की प्रिंट करने योग्य गाइड डाउनलोड करें [पीडीएफ़ फॉर्मेट]।
लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट (एलएचआर)
कुंजी
शीर्ष पर टैब का प्रयोग करके आगमन व प्रस्थान की उड़ानों में से चयन करें:
ARRIVALS: आगमन
DEPARTURES: प्रस्थान
दाईं ओर के बॉक्स में अपना फ्लाइट नम्बर टाइप करें और अद्यतन स्थिति के लिए GO बटन क्लिक करें।
पीले कालम के शीर्षकों में दी गई जानकारी बाएँ से दाएँ इस प्रकार है:
- निर्धारित समय
- फ्लाइट नम्बर
- प्रारंभ या गंतव्य
- स्थिति *
- टर्मिनल
* उड़ान स्थिति की कुंजी
आगमन
EXPECTED: विमान हवा में है; आने का अनुमानित समय दर्शाया गया है।
DUE: विमान देर से आ रहा है, दिन एवं आने का अनुमानित समय दर्शाया गया हैं।
LANDED: विमान उतर गया है, उतरने का समय दर्शाया गया हैं।
DELAYED: विमान देर से आएगा, लेकिन देरी की अवधि का पता नहीं है।
CANCELLED: उड़ान रद्द हो गई है - कृपया एयरलाइन से संपर्क करें।
DIVERTED: उड़ान को दूसरे हवाई अड्डे में भेज दिया गया है - कृपया एयरलाइन से संपर्क करें।
प्रस्थान
SCHEDULED: आगमन का निर्धारित समय।
DELAYED: विमान देर से उड़ेगा, यदि ज्ञात होगा तो देरी की अवधि दर्शाई जाएगी।
CANCELLED: उड़ान रद्द कर दी गई है - कृपया एयरलाइन से संपर्क करें।
GATE OPEN: विमान में सवार होने के लिए द्वार खुला है।
BOARDING: विमान में चढ़ने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
LAST CALL: विमान में सवार होने के लिए अंतिम बुलावा।
GATE CLOSED: विमान में चढ़ने की प्रक्रिया पूरी।
TAXIED: विमान द्वार से निकल चुका है।
AIRBORNE: विमान ने उड़ान भर ली है।

